किसान कर रहे आत्महत्या: पायलट - राजस्थान उदय न्यूज़

ताजा अपडेट...

बुधवार, 24 मई 2017

किसान कर रहे आत्महत्या: पायलट


जालोर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट ने जिला मुख्यालय पर आयोजित बूथ स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में वर्तमान राज्य व केंद्र सरकार की नीतियों पर कहा कि किसान अपनी जान लेने को विवश है, लेकिन सरकार का दिल नहीं पसीज रहा। राज्य और केंद्र में भाजपा की सरकार है, लेकिन दोनों ही जनहित के मुद्दों पर विफल है। इसलिए आगामी चुनावों में जनता के लिए संघर्ष कर परिणाम पक्ष में लाना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनाव में भाजपा सरकार को उखाड़ फैंकने का आह्वान किया। पायलट ने कहा कि भाजपा की सुराज संकल्प यात्रा एक छालावा था। जो घोषणा पत्र था उस पर अमल नहीं हुआ। लगातार बिजली के बिल बढ़ रहे है और किसान बेहाल है। पायलट ने राज्य सरकार की नीतियों पर कहा कि जो सरकार की पक्ष में है उसकी दुकानों के रातों रात ताले खुल जाते हैं और जो विपक्ष है उसके ताले लग जाते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की इन दमनकारी नीति के विरुद्ध हमें सालभर बाद मौका मिलना है, जिसे हमें भुनाना है और भाजपा को जड़ से उखाड़ फैंकना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को भाजपा की नीतियों की केवल आलोचना नहीं करने की बात कहते हुए आमजन के बीच मुद्दे लेकर जाने को कहा। पायलट ने कहा कि इसके लिए विजन तैयार किया जाएगा।
सरकार की नीतियां गलत
पायलट ने सरकार की पीपीपी मोड का विरोध करते हुए कहा कि सरकार हर क्षेत्र में निजीकरण महंगाई को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने वर्तमान शासन को लाठी, गोली और भ्रष्टाचार का शासन बताया। उन्होंने कहा कि सरकार ने शिक्षा और चिकित्सा क्षेत्र में गलत नीतियां लागू की है। केंद्र और राज्य सरकार की स्थिति पर व्यंग्य करते हुए प ायलट ने कहा कि शासन इतना निरंकुश है कि यहां का नुमाइंदा मुख्यमंत्री के समक्ष और राज्य का नुमाइंदा केंद्र में प्रधानमंत्री के सामने हित के मुद्दों पर नहीं बोल सकता।