चूरु का जयसिंह 6 साल से सऊदी अरब की जेल में कैद - राजस्थान उदय न्यूज़

ताजा अपडेट...

सोमवार, 6 नवंबर 2017

चूरु का जयसिंह 6 साल से सऊदी अरब की जेल में कैद

चूरू । एक मां जिसकी आंखें अपने बेटे की राह देखते-देखते पथरा सी गई हैं। एक पत्नी जिसकी जिन्दगी के सुनहरे पल अब केवल यादों में रह गए हैं। जिसे यह भी नहीं पता कि  सउदी अरब विश्व के मानचित्र पर है कहां। अपना शारीरिक और मानसिक संतुलन खो बैठा वो पिता अब बीमार रहने लगा है। ये हालात हैं चूरू के छोटे से गांव ढाणी डीएस पुरा में रहने वाले उस परिवार के जिसका बेटा जयसिंह सउदी अरब कमाने गया था, लेकिन आज वह अपनी जिन्दगी के सबसे बुरे वक्त से दो चार हो रहा है। अगर परिवार की मानें तो उसे उस अपराध की सजा मिल रही है जो उसने किया ही नहीं। परिवार के लोग उसके वापस आने का केवल इन्तजार ही कर रहे हैं।  जयसिंह सउदी अरब स्थित भारतीय दूतावास से गुहार लगा चुका है लेकिन उसकी कोई सुनवाई नहीं हुई।
आज भी जयसिंह को सउदी की जेल में खतरनाक अपराधियों के साथ रहना पड़ रहा है। गुहर लगाकर थक चुके माता-पिता ने आत्महत्या की चेतावनी दी है। प्रदेश कांग्रेस अभाव अभियोग प्रकोष्ठ के सचिव धर्मेन्द्र भाकर ने पत्रकारों को बताया कि ढाणी डीएस पुरा का जय सिंह साल 2011 में ड्राइविंग के काम पर सऊदी अरब गया और कफिल ने ट्रोले चलाने का कार्य उसको दिया। गत 13.12.2011 को ट्रोले को सड़क किनारे खड़ा करने के कुछ समय के बाद एक कार जो पीछे से आ रही थी उस ट्रोले से टकरा गई और उसमें सवार एक मिस्त्री युवक की मौत हो गई व कुछ लोग घायल हो गये। जयसिंह जिस ट्रोले को चला रहा था। उसका स्वामित्व स्थानीय व्यक्ति, कफिल का ही था। साथ ही गाड़ी भिड़ंत के समय ट्रोले का इंश्योरेंस नहीं था। और कफिल ने इस बारे में जयसिंह को गलत बता रखा था कि ट्रोला के कागजात कानूनी रूप से पूर्ण है। जब हादसा हुआ उस समय भी कफिले ने उसे कुछ ही समय में बाहर निकालने की बात कही और बाद में मुकर गया।