डिजिटल साक्षरता अभियान प्रत्येक नागरिक तक पहुंचे : सांसद पटेल - राजस्थान उदय न्यूज़

ताजा अपडेट...

सोमवार, 6 नवंबर 2017

डिजिटल साक्षरता अभियान प्रत्येक नागरिक तक पहुंचे : सांसद पटेल

भीनमाल । पंचायत समिति सभा भवन में रविवार को प्रधानमंत्री ग्रामीण डिजिटल साक्षरता अभियान का जिला स्तरीय अभिनंदन समारोह आयोजित हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि जालोर सिरोही सांसद देवजी पटेल ने मौजूद प्रेरकों को सम्बोधित करते हुए कहा कि वर्तमान में डिजिटल टेक्नोलॉजी और डिजिटल इंडिया गुड गवर्नेंस की गारंटी है। देश में डिजिटल असंतुलन नहीं होना चाहिए। आज आवश्यकता इस बात कि है कि प्रत्येक परिवार में कम से कम ए दो जने डिजिटल रूप से साक्षर हो। सांसद पटेल ने कहा कि अब विकास की जेएएम अवधारणा सामने आई है। उन्होंने जेएएम का अर्थ बताते हुए कहा कि जे फॉर जन, ए फॉर आधार और एम फॉर मोबाइल फोन। एक डिजिटल भारत पारदर्शिता, प्रभावी सेवा वितरण और गुड गवर्नेंस की गारंटी देता है। सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्रामीण डिजिटल साक्षरता अभियान (पीएमजीडीआईएसएचए) सरकार की डिजिटल इंडिया पहल का एक अभिन्न अंग है। समारोह में अभियान के तहत बेहतर कार्य करने वाले प्रेरकों और साक्षरों को पुरस्कार और सर्टिफिकेट वितरित किये गये। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधान धुखाराम पुरोहित ने कहा कि आवश्यकता ही अविष्कार की जननी है। जब मोबाइल आए तो ग्रामीण लोगों के लिए यह एक दुरूह उपकरण था। मगर धीरे धीरे लोगों ने इसे जीवन का अभिन्न अंग बना लिया। पुरोहित ने कहा कि ठिक इसी प्रकार आज भले ही हमें डिजिटीलाइजेशन मुश्किल लग रहा हो मगर यह भी हमारी दिनचर्या में शामिल होने वाला कार्यक्रम है। नपा अध्यक्ष सांवलाराम देवासी ने कहा कि अभियान के वास्तविक प्रहरी और शिक्षक आप है। आप प्रेरकों की बदौलत ही यह अभियान आमजन तक पहुंचेगा और सफल हो पायेगा। उपखण्ड अधिकारी दौलतराम चौधरी ने प्रेरकों का आह्लान करते हुए कहा कि हम अपने ईमित्र के व्यवसाय को ऊँचाईयां प्रदान करने के लिए सबसे पहले इस डिजिटल साक्षरता अभियान में अपना प्रखर योगदान प्रदान करते हुए प्रत्येक पंचायत में 250 परिवारों को इस अभियान से जोड़कर उन्हे डिजिटल साक्षर करे। इस दौरान भाजपा नगर अध्यक्ष भरतसिंह भोजाणी, डीसी मगाराम चौधरी, प्रोग्रामर ओमप्रकाश बिश्नोई, श्याम चौधरी भादरूणा, दिनेश जेलातरा, हाजी तय्यब बागवान, जोरावरसिंह राव, पारस मोदी, साजन विश्नोई सहित दर्जनों की संख्या में जिले भर से ग्राम स्तर के सीएससी धारक व प्रेरक मौजूद रहे।