चितलवाना में पंचायत समिति सदस्यों ने बिजली-पानी के मुद्दों पर घेरा अधिकारियों को
@चितलवाना पंचायत समिति की साधारण सभा शुक्रवार को सांचौर विधायक सुखराम विश्नोई, चितलवाना प्रधान हनुमानप्रसाद भादू सांचौर उपखंड अधिकारी मुरारीलाल की मौजूदगी में आयोजित हुई। बैठक के प्रारंभ में विकास अधिकारी रामावतार शर्मा ने गत बैठक का एजेंडा प्रस्तुत किया। बैठक में सर्वप्रथम सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों पर जनप्रतिनिधियों ने भड़ास निकालते हुए कहा कि पिछले महीने क्षेत्र में हुई बारिश के कारण सड़कें पूरी तरह जर्जर हालत में बनी हुई है, लेकिन विभाग की ओर से पेचवर्क के नाम पर खानापूर्ति की जा रही है। चितलवाना सरपंच पंखी देवी ने कहा कि चितलवाना से सागड़वा तक सड़क मरम्मत के नाम पर ठेकेदार ने नाममात्र का डामर लगाकर खानापूर्ति की जबकि 6 किलोमीटर के दायरे में सड़क पर गड्ढे पड़े हैं। ईटादा सरपंच ने कहा कि ईटादा से तातड़ा तक कई जगह पर सड़क मार्ग पूरी तरह जर्जर हालत मे पड़ा है। सेसावा सरपंच झीणी देवी ने सेसावा से सेसावा गांव तक सड़क की मरम्मत की मांग की। बैठक में होतीगांव सरपंच सांवलाराम माली, दुर्गाराम बेनीवाल, मगराज बिश्नोई सहित सहित क्षेत्र भर के सरपंच ग्राम सेवक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे। 
डिस्कॉमके अधिकारियों पर बरसे जनप्रतिनिधि : क्षेत्रमें हो रही बिजली चोरी पकड़ने में नाकाम डिस्कॉम के अधिकारियों के बार-बार की जा रही बिजली कटौती से ग्रामीणों को हो रही परेशानी पर जनप्रतिनिधियों ने रोष जताया। जनप्रतिनिधियों ने कहां कि डिस्कॉम के अधिकारी बिजली चोरी पकड़ने के दौरान चेकिंग कर रवाना हो जाते हैं, लेकिन मौके पर शीट नहीं भरी जाती है, ऐसे में अधिकारी भ्रष्टाचारपूर्ण रवैया कर रहे हैं।
