शहीद की पत्नी से आधार मांगने का हॉस्पिटल पर आरोप, वक्त पर इलाज नहीं मिलने से मौत
नई दिल्ली/सोनीपत.हरियाणा के एक हॉस्पिटल पर करगिल शहीद की पत्नी के इलाज के लिए आधार मांगने का आरोप है। शनिवार को उनके बेटे ने कहा कि आधार कार्ड साथ नहीं होने पर डॉक्टर ने वक्त पर मां का इलाज शुरू नहीं किया, जिससे उनकी मौत हो गई। जबकि मोबाइल में आधार की कॉपी दिखाने के बाद हार्ड कॉपी जमा करने की बात कही गई थी। करगिल में शहीद कैप्टन विजयंत थापर के पिता ने घटना को अमानवीय बताते हुए कहा कि इससे आर्म्ड फोर्सेस का मनोबल गिरेगा। घटना को लेकर हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर और केंद्र सरकार ने जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के ऑर्डर दिए। हालांकि, हॉस्पिटल के डॉक्टर ने आरोपों को खारिज किया है।
बेटे ने एक घंटे में आधार लाकर देने की बात कही
- न्यूज एजेंसी के मुताबिक, करगिल में शहीद जवान के बेटे पवन कुमार तबीयत बिगड़ने के बाद अपनी मां को सोनीपत के ट्यूलिप हॉस्पिटल लेकर गए थे।- पवन ने कहा, "मां की हालात बेहद नाजुक थी। डॉक्टर ने जब आधार कार्ड मांगा, तब वह साथ में नहीं था। मैंने मोबाइल में इसकी कॉपी दिखाई और कहा कि आप इलाज शुरू कीजिए, एक घंटे में घर से ऑरिजनल आधार लेकर आ जाऊंगा। पर इन्होंने ऐसा करने से साफ इनकार कर दिया।''
