पद्मावत:तो क्या सुप्रीम कोर्ट के आदेश को नहीं मानेगी मध्य प्रदेश सरकार - राजस्थान उदय न्यूज़

ताजा अपडेट...

शुक्रवार, 19 जनवरी 2018

पद्मावत:तो क्या सुप्रीम कोर्ट के आदेश को नहीं मानेगी मध्य प्रदेश सरकार

पद्मावत:तो क्या सुप्रीम कोर्ट के आदेश को नहीं मानेगी मध्य प्रदेश सरकार

डिजाइन फोटो।


बीजेपी के बड़े राजपूत नेता और एमपी बीजेपी अध्यक्ष नंद कुमार चौहान ने संकेत दिए हैं की मध्य प्रदेश में फिल्म पद्मावत पर लगी रोक जारी रह सकती है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार अपने हिसाब से परिस्थितियों का आकलन करके कोई फैसला लेगी। उन्होंने कहा सुप्रीम कोर्ट के फैसले का सम्मान होगा, लेकिन कानून व्यवस्था राज्य सरकारों का विषय है। प्रदेश में कानून व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी प्रदेश सरकार की है और सरकार ऐसा कोई फैसला नहीं लेना चाहेगी जिससे हालात खराब हो।

गौरतलब है कि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस फिल्म पर विवाद शुरू होने के साथ ही रोक लगाने का ऐलान कर दिया था। और बाद में भी उन्होंने अपने बयान पर कायम रहने की बात कही थी। पिछले सप्ताह उन्होंने कहा था कि वो आज भी अपने फैसले पर पूरी तरह कायम हैं। लेकिन जब इस मामले में सुप्रीम कोर्ट ने फिल्म निर्माता के पक्ष में फैसला सुनाया तो माना जा रहा था कि प्रदेश सरकार अपने फैसले की समीक्षा कर सकती है।

तो वही इस मामले में गृह मंत्री भूपेंद्र सिंह का कहना है कि अभी तक सुप्रीम कोर्ट का आदेश उन्हें नहीं मिला है। फैसला देखने के बाद प्रदेश सरकार कोई फैसला लेगी। हालांकि इस मामले में अभी तक प्रदेश सरकार ने किसी तरह का लिखित आदेश जारी नहीं किया है। सीएम शिवराज ने दो बार घोषणा जरूर की थी कि वो मध्य प्रदेश में इस फिल्म का रिलीज नहीं होने देंगे। उधर कांग्रेस ने कहा है कि वह सुप्रीम कोर्ट के आदेश का स्वागत करती है।