पाली में निजाम कस्बे में वृद्ध महिलाओं के साथ लूट की वारदात रूकने का नाम नहीं ले रही है। बुधवार को भी कस्बे में एेसी ही एक और घटना से ग्रामीणों में भय का माहौल है। कुशालपुरा मार्ग पर बुधवार को दिनदहाड़े बाइक पर आए तीन बदमाश एक वृद्धा के सिर पर बंधा बोर व गले की कंठी लूटकर फरार हो गए। बदमाशों का कोई सुराग हाथ नहीं लगा हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने नाकेबंंदी भी करवाई लेकिन, कोई सफलता हाथ नहीं लगी है। पुलिस ने बताया कि निमाज के कुशालपुरा मार्ग पर स्थित बेरा पीपावतों का खारचियां निवासी भंवरी पत्नी पुखाराम कुमावत अपने बेरे के बाहर ही मार्ग पर स्थित भैरूजी के थान पर स्थित खेली पर जानवरों को पानी पिला रही थी। इसी दौरान बाइक पर निमाज की ओर से आए तीन बदमाशों ने पहले वृद्धा से रास्ता पूछा और मौका पाते ही एक जने ने वृद्धा को दबोचकर उसके सिर पर बंधा बोर व गले में पहनी कंठी लूटकर फरार हो गए। बदमाश वारदात कर कुशालपुरा की ओर भाग गए। महिला ने हिम्मत दिखाते हुए कानों में पहनी बालियों को बचा लिया। महिला के चिल्लाने पर आस-पास के लोग पहुंचे। तब तक बदमाश मौके से फरार हो गए।
दो माह में चौथी वारदात
क्षेत्र में लुटेरे एक के बाद एक अकेली व वृद्ध महिलाओं को अपना निशाना बना रहे हैं। 11 मार्च को समौखी मार्ग पर दो बदमाश हाजीवास निवासी महिला के गले में पहना सोने का तिमणिया लूटकर फरार हो गए थे। वहीं 18 मार्च को मोटरसाइकिल पर आए दो बदमाशों ने कस्बे के मेला चौक में एक वृद्धा के गले में पहना तिमणिया लूट की वारदात को अंजाम दिया था। वहीं 27 अप्रेल को रामपुरा गंाव की सरहद पर दो बाइक सवार युवकों ने एक महिला के गले में पहनी कंठी लूट ली थी। 14 मई को सांगावास मार्ग पर बाइक पर आए दो बदमाशों ने एक वृद्धा को अपना शिकार बना कंदौरा व बालियां लूटकर फरार हो गए।

