पिस्टल लेकर आई दबंग गर्लफ्रेंड - मंडप से उठा ले गई दूल्हा, देखती रह गई दुल्हन - राजस्थान उदय न्यूज़

ताजा अपडेट...

बुधवार, 17 मई 2017

पिस्टल लेकर आई दबंग गर्लफ्रेंड - मंडप से उठा ले गई दूल्हा, देखती रह गई दुल्हन


Reporting  by वीरांगना डेस्क

हमीरपुर। यूपी के हमीरपुर जिले में एक अनोखा मामला सामने आया है। शादी के दौरान हाथ में पिस्टल लेकर आई दबंग गर्लफ्रेंड ने मंडप के बीच से दूल्हे को किडनैप कर लिया।
अभी तक दूल्हे का कोई पता नहीं चल सका है। दुल्हन इस घटना के बाद से सदमे में है।
बांदा जिले के थाना मटौंध के रहने वाले रामहेत यादव के बेटे अशोक की शादी हमीरपुर जिले के मौदहा थाना क्षेत्र के रहने वाले रामसजीवन यादव की बेटी भारती से तय हुई थी। 15 मई को दोनों की फैमिली में शादी की रस्में चल रहीं थी। जयमाल हो चुका था, तभी अचानक विवाह स्थल के पास कार का काफिला आकर रुका। इसमें सवार लोग असलहों से लैस थे। इन्हीं असलहाधारियों के बीच से हाथ में पिस्टल लिए एक लड़की निकली और सीधे स्टेज पर जा पहुंची। जहां से दूल्हे को खींचते हुए अपने साथ दूल्हे को कार में बैठाया और फरार हो गई। ये सब कुछ इतनी जल्दी हुआ कि कोई कुछ समझ नहीं पाया। विवाह स्थल से दूल्हे के अपहरण की खबर से इलाके में हड़कंप मच गया। दूल्हा बने युवक अशोक का प्रेम-प्रसंग चलता था। कथित तौर पर दोनों ने कोर्ट मैरिज भी कर रखी थी, लेकिन दूल्हे के परिजनों ने उसकी पुरानी कहानी पर पर्दा डालकर भारती से शादी तय कर दी। यही बात प्रेमिका को नगवार गुजरी और वो दूल्हे को किडनैप कर ले गई। लड़की बांदा में रहती है और मध्य प्रदेश के छतरपुर की रहने वाली है।
युवती ने अपहरण के वक्त चिल्लाकर कही कोर्ट मैरिज की बात...
वहां मौजूद लोगों के मुताबिक, लड़की किडनैप के समय कह रही थी कि लड़के ने उससे कोर्ट मैरिज की थी। इसके कागजात उसके पास हैं। एडीशनल एसपी बीके मिश्रा का कहना है कि मामला संज्ञान में आया है। दूल्हे सहित उस लड़की और साथ आए अन्य असलहाधारियों की तलाश जारी है। फिलहाल पुलिस इस मामले की छानबीन करने में जुटी हुई है। अभी तक दूल्हे का कोई सुराग नहीं मिला है। वहीं लड़की के पिता राम सजीवन यादव ने बताया कि रस्में चल रही थीं। जयमाल हो चुका था। तभी ये घटना घटी। बस फेरे होने बाकी थे।