बहुचर्चित भंवरी हत्या काण्ड के आरोपियों को कड़ी सुरक्षा के बीच पेश किया - राजस्थान उदय न्यूज़

ताजा अपडेट...

शुक्रवार, 3 नवंबर 2017

बहुचर्चित भंवरी हत्या काण्ड के आरोपियों को कड़ी सुरक्षा के बीच पेश किया

जोधपुर । बहुचर्चित भंवरी हत्या काण्ड के मामले में शुक्रवार को अनुसूचित जाति जनजाति अत्याचार निवारण मामलात के न्यायालय में मामले के आरोपियों को कड़ी सुरक्षा के बीच पेश किया गया हालाँकि मामले के आरोपी मलखान विश्नोई, परसराम व इंद्रा को न्यायालय में पुलिस जाप्ता के अभाव में पेश नहीं किया।Image result for भंवरी देवी हत्या

न्यायालय के पीठासीन अधिकारी मधुसूदन शर्मा के समक्ष हाल ही में इस मामले की आरोपी इंद्रा विश्नोई के विरुद्ध सीबीआई द्वारा प्रस्तुत पूरक चार्जशीट के पश्चात् शुरू हुई सुनवाई में कल आरोपी इंद्रा विश्नोई की ओर से नियुक्त अधिवक्ता हेमन्त नाहटा व संजय विश्नोई ने चार्ज बहस करते हुवे तर्क रखा कि सीबीआई द्वारा आरोपी को मामले में झूठा फँसाया गया है व दलील दी कि वह निर्दोष है।

साथ ही बचाव पक्ष के वकीलों ने न्यायालय के समक्ष यह भी तर्क रखा कि सीबीआई द्वारा प्रस्तुत आरोप पत्र में भी ऐसी कोई साक्ष्य नहीं आयी है जो मृतक भँवरी के अपहरण व हत्या के अपराध के आरोपों की इंद्रा से कोई भी कड़ी जोड़ता हो। करीब दो घण्टे तक चली बहस में बचाव पक्ष ने इंद्रा के पक्ष में करीब सत्तर पृष्ठों की लिखित बहस भी प्रस्तुत की। जिसमें करीब दो सौ न्यायिक दृष्टांत का उल्लेख इंद्रा के बचाव में न्यायालय का ध्यान आकर्षित करने के लिये पेश किया गया ।

इसके साथ मौखिक दलीलें देते हुवे भी बहस की गई और अन्त में न्यायालय से निवेदन पूर्वक कहा गया की इंद्रा निर्दोष है व उसे आरोपमुक्त कर छोड़ा जाये। न्यायालय ने बचाव पक्ष की दलीलें सुनने के पश्चात् अब इस मामले में हुई बहस चार्ज के निर्णय को सुरक्षित रखा है तथा मामले की अगली सुनवाई अब इसी महीने की 13 तारीख़ को नियत करने का आदेश न्यायालय ने पारित किया।