दिव्यांग अपने आप को कमजोर नहीं समझें; सांसद - राजस्थान उदय न्यूज़

ताजा अपडेट...

गुरुवार, 2 नवंबर 2017

दिव्यांग अपने आप को कमजोर नहीं समझें; सांसद

जालोर। सांसद देवजी पटेल ने कहा कि दिव्यांग अपने आप को कभी कमजोर नहीं समझें तथा अपनी इच्छा शक्ति को हमेशा प्रबल बनाये रखें। वहीं केन्द्र व राज्य सरकार भी लोक कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से उनके उत्थान के लिए हमेशा कार्य करती रहेगी। क्षेत्रीय सांसद देवजी पटेल शुक्रवार को स्थानीय वीरम मंच पर समाज कल्याण सप्ताह के समापन अवसर पर विशेष योग्यजन कल्याण दिवस पर आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि के नाते सम्बोधित कर रहे थे।  समारोह में राज्य के विशेष योग्यजन आयुक्त धन्नाराम पुरोहित, जिला कलक्टर अनिल गुप्ता एवं पुलिस अधीक्षक कल्याणमल मीना भी उपस्थित थे। समारोह में चिन्हित 18 दिव्यांगों को सांसद निधि योजना-2016-17 के तहत लगभग 63 हजार रूपयों की कीमत की स्कूटियां (मोटरराइज्ड ट्राई साइकिलों) सहित अन्य दिव्यागों को भी 15 ट्राइसाइकिलें, 2 व्हील चेयर एवं 3 श्रवण यंत्र आदि प्रदान किये गये।
मूक बधिर विद्यालय 
उन्होंने विशेष योग्यजन आयुक्त धन्नाराम पुरोहित के दिशा निर्देशन में जालोर जिला मुख्यालय पर संचालित हो रहे महावीर मूक बधिर विधालय की मुक्त कंठ से प्रंशसा करते हुए कहा कि इस कार्य का प्रतिफल कभी निष्फल नही जाता है जिसका प्रत्यक्ष उदाहरण धन्नारामजी पुरोहित है इसलिए सभी लोगों को हमेशा दिव्यांगों के कल्याण के लिए कार्य करते रहना चाहिए। उन्होनें सांसद निधि योजना के तहत किये गये कार्य की प्रंशसा करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन भविष्य में भी होते रहने चाहिए। समारोह में अधिवक्ता बाबूलाल मेघवाल ने सांसद निधि योजना के तहत दिव्यांगों को प्रदान किये गये इस कार्य को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह अभिनव कार्य पूरे राज्य में एक मिसाल बनेगा।
कुछ भी कर सकते हैं दिव्यांग : मीना
समारोह में पुलिस अधीक्षक कल्याणमल मीना ने कहा कि दिव्यांग यदि चाहे तो कुछ भी कर सकते है बशर्त वह अपने आप को कभी कमजोर महसूस नही करें। समारोह के प्रारंभ में समाज कल्याण विभाग के सहायक निदेशक डॉ. ज्योतिप्रकाश अरोड़ा ने समाज कल्याण सप्ताह के दौरान आयोजित किये गये कार्यों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।
यह रहे मौजूद
इस अवसर पर जालोर नगर परिषद के सभापति भंवरलाल माली, जालोर उपखंड अधिकारी हरफूल पंकज, नगर परिषद के आयुक्त त्रिकमदान चारण एवं समाजसेवी प्रकाश नागर व प्रकाश छाजेड़ सहित नगर के अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। समारोह का संचालन समाज कल्याण अधिकारी राजेन्द्र पुरोहित ने किया।