उतर प्रदेश में गैंगरेप में हुए नाकाम तो विवाहिता की फोड़ दीं आंखें
प्रतीकात्मक चित्र।
मामला औंग थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह 9 बजे शौच के लिए गई एक विवाहिता के साथ गैंगरेप का प्रयास हुआ है। बताया गया कि वह जंगल में शौच के लिए गई थी, इसी दौरान वहां दो बदमाशों ने उसके साथ गैंगरेप का प्रयास किया।
बदमाशों ने की हैवानियत
बताया गया कि विवाहिता ने उनका विरोध किया और शोर मचाने लगी। शोर मचाते ही बदमाश उसके साथ बेहद निर्ममता से पेश आए। बदमाशों ने विवाहिता का सिर फोड़ दिया। जब इससे भी मन नहीं भरा तो उसकी आंखें फोड़ दीं। इस घटना की सूचना पूरे गांव में फैल गई।
ग्रामीणों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही डायल 100 और पीआरबी पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंच गया। जहां शिकायत मिलते ही आरोपियों के खिलाफ जांच शुरू कर दी। आरोपी गांव से फरार बताए जा रहे हैं।
विवाहिता को नहीं आया होश
घायल विवाहिता के बहनोई ने बताया कि चिकित्सकों ने पीड़िता की बाईं आंख की रौशनी चले जाने की बात कही है। विवाहिता की हालत गंभीर है। उसके होश में आने के बाद ही पता चलेगा कि पूरा मामला क्या था।
क्षेत्राधिकारी बिन्दकी ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही उनकी गिरफ्तारी कर ली जाएगी।
