बॉर्डर और LoC पर पाकिस्तान ने की फायरिंग; दो जवान शहीद, 2 सिविलियन की भी मौत
जम्मू.जम्मू कश्मीर के चार डिस्ट्रिक्ट्स पर स्थित इंटरनेशनल बॉर्डर और एलओसी(लाइन ऑफ कंट्रोल) समेत रहवासी इलाकों में पाकिस्तान फौज की तरफ से गोलाबारी की गई। जिसमें दो जवान शहीद हो गए और दो सिविलियन की भी मौत हो गई। साथ ही 35 और लोग भी जख्मी हुए हैं। न्यूज एजेंसी के मुताबिक, बॉर्डर पर रहने वाले 2 हजार से ज्यादा लोगों को सेफ जगहों पर ले जाया गया है और बॉर्डर पर स्थित स्कूलों को बंद करा दिया गया है।क्रॉस फायरिंग में लांस नायक शहीद
- आर्मी ऑफिशियल्स ने बताया "शाम साढ़े 6 बजे से ही पाकिस्तान आर्मी ने सुंदरबानी सेक्टर(राजौरी डिस्ट्रिक्ट) समेत एलओसी पर मोर्टार और दूसरे हथियारों से फायरिंग शुरू कर दी थी। इंडियन आर्मी ने भी इसका माकूल जवाब दिया। इस क्रॉस फायरिंग में लांस नायक सैम अब्राहम जख्मी हो गए और बाद में उन्होंने दम तोड़ दिया। 34 साल के लांस नायक केरल के रहने वाले थे। वे अपने परिवार में पत्नी और 22 महीने की बेटी छोड़ गए। वे एक बहादुर सैनिक थे। देश उनकी इस शहादत को हमेशा याद रखेगा।"बीएसएफ के हेड कॉन्स्टेबल शहीद और दो जवान जख्मी
इससे पहले आरएस पुरा, अर्निया और रामगढ़ सेक्टर को निशाना बनाते हुए पाकिस्तानी रेंजर्स ने फायरिंग और बमबारी की। इसके साथ ही उन्होंने इंटरनेशनल बॉर्डर पर स्थित 45 भारतीय पोस्ट और करीब 50 किमी में फैले गांवों को निशाना बनाया। जिसपर बीएसएफ ने भी जवाबी कार्रवाई की। सांबा सेक्टर में हुई जवाबी फायरिंग में जख्मी हुए बीएसएफ के हेड कॉन्स्टेबल जगपाल सिंह ने भी बाद में दम तोड़ दिया। इसके अलावा दो और जवान जख्मी हुए।
दो सिविलियन की मौत हो गई और 32 जख्मी
पुलिस ऑफिसर के मुताबिक, पाकिस्तानी फौज द्वारा तीन डिस्ट्रिक्ट कठुआ, सांबा और जम्मू के अर्निया, आरएसपुरा, रामगढ़, सांबा और हीरानगर सेक्टर्स पर स्थित 50 गांवों पर भारी बमबारी और फायरिंग की। इस फायरिंग में दो सिविलियन की मौत हो गई और 32 जख्मी हो गए। मारे गए लोगों की पहचान आरएसपुरा के 25 साल के साहिल और अर्निया बचनो देवी(50) के तौर पर हुई है।
वहीं कठुआ में नौ, जम्मू में 19 और 4 लोग सांबा डिस्ट्रिक्ट में जख्मी हुए हैं। इनमें से 15 लोगों को जम्मू के जीएमसी हॉस्पिटल में और बाकी को डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।
